Home » Jharkhand News : यूपी के दो युवकों की चांडिल के कैनाल में डूबकर हो गई मौत

Jharkhand News : यूपी के दो युवकों की चांडिल के कैनाल में डूबकर हो गई मौत

by Rajesh Choubey
Two youths from UP died by drowning in the canal of Chandil
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
  • दलदली पंचायत के गोविंदपुर में एक सप्ताह पहले ही आया था काम करने, 20 घंटे बाद निकाला गया दोनों युवकों का शव.

घाटशिला : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत एमजीएम थाना क्षेत्र के दलदली पंचायत के गोविंदपुर गांव में चांडिल मुख्य कैनाल में रविवार की दोपहर नहाने के दौरान यूपी के दो युवक गौरव सिंह और अभिषेक सिंह की डूबकर मौत हो गई। वहां मौजूद उसके भाई ने जाकर गांव के लोगों को डुबने की सूचना दी। सोमवार को एमजीएम थाना के एसआई अरुण कुमार सिंह दल-बल के साथ पहुंचे। इधर सोमवार को भी ग्रामीणों की भीड़ जुट गई थी। दलदली पंचायत की मुखिया सुजाता हांसदा और उपमुखिया सुमित्रा कर्मकार भी घटनास्थल पहुंचीं। शव निकालने को लेकर कोई ग्रामीण राजी नहीं हुआ। उसके बाद बाहर से लोगो को बुलाकर शव को रस्सी के सहारे निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

काम करने यूपी से आए थे 4 युवक

दलदली पंचायत के गोविंदपुर में बरेली (उत्तर प्रदेश) के ठेकेदार अशोक ने गौरव सिंह (20 वर्ष), अभिषेक सिंह (21 वर्ष), गुड्डू सिंह (21 वर्ष) और देव (20 वर्ष) को यहां बुलाया था। इनका घर यूपी के कासगंज, थाना कोतवाली सोरो सुगर क्षेत्र, मोहल्ला चंदन चौक में है। वह सभी चारों को गोबिंदपुर काम करने छोड़ कर गया था। चारों युवक बांस का घर बनाने आए थे। इससे पहले मार्च में भी एक महीना रह कर काम कर गए थे।

कैनाल में नहाने से मना करने के बाद भी चला गया : गुड्डू

इधर मृतक अभिषेक सिंह के भाई गुड्डू सिंह ने कहा कि भाई अभिषेक और रिश्तेदार मृतक गौरव को मना करने के बाद भी वह कैनाल में नहाने गया। मैं भी उसके पीछे कैनाल पहुंच गया। अचानक नहाते हुए दोनों डूबने लगे। दोनों को तैरना नहीं आता था। मुझे भी तैरना नहीं आता है। हम लोगों ने इसकी सूचना बगल के गांव के लोगों को दी, तब तक दोनों की डूबने से मौत हो गई थी।

आरआर कम्युनिकेशन का हो रहा था काम

जमशेदपुर के रवि राजा ने बताया कि दलदली पंचायत के गोबिंदपुर के पास आरआर कम्युनिकेशन का काम हो रहा था। इसका पार्टनर मैं और आराध्या श्रीवास्तव हैं। राजा ने कहा कि यहां बकरी हाउस बन रहा है। सरकारी योजना के तहत सब्सिडी लेकर बकरी पालने की योजना है। यूपी के बरैली के ठेकेदार अशोक ने 4 युवक को लाया था और चारों युवक वहीं रहकर काम कर रहे थे। राजा ने कहा कि डूबने से मौत की घटना की सूचना मैंने एमजीएम थाना को रविवार 3 बजे दे दी थी।

Read Also- Jamshedpur Crime: होटल ईआई डोराडो के कमरे में मिली युवती की लाश, अय्याशी का अड्डा बना आम बगान इलाका

Related Articles