चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला खनन पदाधिकारी मेघलाल टुडू और खान निरीक्षक निखिल दास के नेतृत्व में शनिवार को औचक छापामारी अभियान चलाया गया, जिसमें अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए गए।
डीएवी स्कूल के पास पहला ट्रैक्टर पकड़ा गया
छापामारी के दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाईपास मार्ग पर डीएवी स्कूल के समीप ट्रैक्टर (संख्या JH06T 8547) को रोका गया। जांच में पाया गया कि ट्रैक्टर में बिना परिवहन चालान के लगभग 100 घन फीट अवैध बालू का परिवहन किया जा रहा था। टीम ने तत्काल ट्रैक्टर को जब्त कर मुफस्सिल थाना के सुपुर्द कर दिया।
तांतनगर में दूसरा ट्रैक्टर जब्त
इसके बाद टीम ने तांतनगर थाना क्षेत्र के कोकचो मोड़ के पास कार्रवाई की। यहां भी एक अन्य ट्रैक्टर को अवैध बालू परिवहन करते हुए पकड़ा गया। इस ट्रैक्टर में भी 100 घन फीट बालू लोड था। इसे जब्त कर तांतनगर थाना को सौंप दिया गया।
कार्रवाई जारी रहेगी : जिला खनन पदाधिकारी
जिला खनन पदाधिकारी मेघलाल टुडू ने बताया कि उपायुक्त के मार्गदर्शन में जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ नियमित तौर पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना चालान के खनिज परिवहन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वैध चालान के साथ ही बालू व अन्य खनिजों का परिवहन न करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

