Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक बार फिर रिश्तों को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने 15 साल की अपनी चचेरी भतीजी के साथ दुष्कर्म किया है। इसके बाद पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना की पूरे जिले में सोमवार को चर्चा रही। लोगों का कहना है कि पुलिस इस आरोपी व्यक्ति को कड़ी सजा दिलाए।
जानकारी के अनुसार पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली 15 साल की नाबालिग बच्ची अपने चाचा घर गई थी। घर में चाचा एक कमरे में बैठा था। इसी दौरान पीड़िता का चचेरा चाचा वहां पहुंचा। इस चचेरे चाचा ने बहला फुसला किशोरी को मोबाइल पर फिल्म दिखा रहा था। इसी दौरान चचेरे चाचा की नीयत खराब हो गई। इसके बाद आरोपी किशोरी को घर से थोड़ी दूर पर स्थित खलियान पर ले गया। यहां उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। यही नहीं आरोपी ने नाबालिग को धमकी दी कि वह इस घटना के बारे में किसी को कुछ नहीं बताए। वरना पूरे परिवार को मार दिया जाएगा।
घटना के बाद किशोरी काफी डर गई थी। लेकिन हिम्मत करके उसने अपने परिजनों को पूरी बात बता दी।
विशेष टीम गठित कर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इसके बाद पीड़िता को लेकर उसके परिजन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर एक टीम का गठन कर छापामारी करने का आदेश दिया। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी। आखिरकार उसे मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार को लिखा-पढ़ी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए किशोरी की मेडिकल जांच कराई है। अब जल्द ही कोर्ट में पीड़िता का बयान दर्ज कराया जाएगा।
चाईबासा में बाइक से टकराई स्कूटी, तीन घायल
चाईबासा : रांची- चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच-75 (ई) पर पोटका स्थित सफेद गिरजा के सामने एक बाइक और स्कूटी के बीच सीधी टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में तीन युवक घायल हो गए। इसमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार स्कूटी 24 वर्षीय मानसिंह चला रहा था। वह पोटका के इंचिंडा साई का निवासी है। वह सफेद गिरजा के समीप सड़क पर अपनी गाड़ी मोड़ रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी और बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर पीछे बैठा युवक भी जख्मी हो गया है। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया है।

