
चाईबासा : मातृ स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन और विस्तार के क्षेत्र में पश्चिम सिंहभूम जिले ने राज्य स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अधीन संचालित झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन समिति द्वारा जिले को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला जिला घोषित कर सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार जिले को वर्ष 2026 की पहली तिमाही के दौरान मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और गर्भवती महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व (ANC) स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दिया गया है।
स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत और समर्पण का प्रतिफल: उपायुक्त
जिले की इस महत्वपूर्ण सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिले के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (CHO), एएनएम, सहिया बहनों और स्वास्थ्य तंत्र से जुड़े प्रत्येक कर्मी के अथक प्रयास और समर्पण का नतीजा है। जिला प्रशासन मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार करने तथा हर गर्भवती महिला तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है।
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर घटाने पर केंद्रित प्रयास: सिविल सर्जन
जिले के सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी ने भी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर सभी स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान और अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का निष्पादन इसी प्रतिबद्धता से जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को न्यूनतम स्तर पर लाना और सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा देना ही प्राथमिकता है।

