Home » Gadhwa crime investigation : उत्तर प्रदेश का युवक ससुराल में रहकर चोरी करता था, गढ़वा में गिरफ्तार

Gadhwa crime investigation : उत्तर प्रदेश का युवक ससुराल में रहकर चोरी करता था, गढ़वा में गिरफ्तार

by Rohit Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र में एक युवक को चोरी की घटनाओं में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार युवक का नाम विनोद भुइयां है, जो उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बीजपुर थाना क्षेत्र का निवासी है। विनोद को ससुराल में रहकर चोरी करने के आरोप में पकड़ा गया है।

गढ़वा पुलिस ने एक चोरी का खुलासा करते हुए विनोद भुइयां को गिरफ्तार किया और उसके पास से कई कीमती सामान बरामद किए। इन सामानों में 14 मोबाइल, चांदी के दो सेट पायल, कांसा के बर्तन, और एक लैपटॉप शामिल हैं। इसके साथ ही पुलिस ने एक हीरो स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की है, जो चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की गई थी और बिना नंबर प्लेट की थी।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, विनोद भुइयां ने 19 नवंबर को जंगीपुर बस्ती के निवासी अनुज चंद्रवंशी और गीता देवी के घरों में चोरी की थी। इस दौरान अनुज के घर से दो मोबाइल और आभूषण, जबकि गीता देवी के घर से आभूषण और पैसे चोरी किए गए थे। पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विनोद को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया।

कई घटनाओं को दे चुका है अंजाम

विनोद भुइयां का उत्तर प्रदेश में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने बताया कि विनोद ने गढ़वा, बंशीधर नगर और अन्य स्थानों पर चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। उसने बताया कि उसने चोरी किए गए आभूषणों को एक स्टील के बक्से में रखकर डेम में छुपा रखा था। विनोद को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की ओर से बताया गया है कि आरोपी को रिमांड लेकर आगे की जांच की जायेगी और उसके द्वारा किए गए अन्य अपराधों की भी छानबीन की जाएगी।

Related Articles