लोहरदगा : मकर संक्रांति के उल्लास में झारखंड से बुरी खबर सामने आई है। लोहरदगा जिला के कुडू बस स्टैंड में मंगलवार की सुबह गोली चली है। इस गोलीबारी में एक अपराधी के घायल होने की बात कही जा रही है। घायल अपराधी को तत्काल इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद कुडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। एक-एक बिंदु पर पड़ताल चल रही है।

बताया जाता है कि अपाची मोटरसाइकिल पर दो अपराधी कुडू बस स्टैंड पर पहुंचे थे। वहां पर पहले से मौजूद बस एजेंट संतु पासवान पर एक अपराधी ने गोली चला दी। इस गोली से संतु पासवान बाल-बाल बच गया। वहीं वहां पर मौजूद एक दूसरे अपराधी एनामुल द्वारा पहले अपराधी को सिर में गोली मार दी गई, जिससे पहला अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
स्थानीय लोगों ने दूसरे अपराधी को पकड़ लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस गोलीबारी की घटना में तरह-तरह की बातें सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस मामले की तह तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है। जिस अपराधी को ग्रामीणों ने पकड़ा है, वह अपराधी एनामुल अंसारी कुडू के पूर्व अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह पर जानलेवा हमला का आरोपी रह चुका है। जिस बस एजेंट संतु पासवान पर गोली चलाई गई थी। उसके भाई की कुछ समय पहले ही गोली मारकर हत्या की गई थी।

