घाटशिला : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत मऊभंडार उप-डाकघर में सरकारी राशि (2.38 लाख रुपये) के गबन मामले में उप डाकपाल सरोज कुमार महापात्रा को निलंबित कर दिया गया है।
इस मामले में डाक निरीक्षक राकेश रंजन ने मऊभंडार ओपी में सरकारी राशि गबन की लिखित शिकायत शुक्रवार को दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मऊभंडार के ओपी प्रभारी नीरज कुमार गुप्ता ने आरोपी उप डाकपाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316/5 और 318/3 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि उप डाकपाल सरोज कुमार महापात्रा ने 2 लाख 38 हजार 424 रुपये का गबन किया है। इस मामले में शिकायत के अनुसार, उप डाकपाल ने तीन खाताधारकों की राशि में गड़बड़ी की है। इनमें निर्मला हाईबुरु के 40 हजार रुपये, प्रदीप कुमार शर्मा के 30 हजार रुपये और धनपत रजवार के बहुउद्देश्यीय बचत खाते से एक लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा, उप डाकघर की सरकारी राशि से भी 68 हजार 424 रुपये के गबन का आरोप है।
बताया जा रहा है कि 2 मार्च 2026 को उप डाकघर में नकदी की कमी के कारण दैनिक कार्य प्रभावित होने के कारण धीरे धीरे मामले की जांच करने पर मामला प्रकाश में आया। इधर विभाग द्वारा आरोपी उप डाकपाल सरोज कुमार महापात्रा को निलंबित कर दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

