मुंबई: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान और उनके बेटे आर्यन खान की जोड़ी ने हाल ही में नेटफ्लिक्स के इवेंट में धूम मचाई। इस इवेंट में शाहरुख के साथ-साथ आर्यन खान की आगामी वेब सीरीज The BA**DS Of Bollywood* का अनाउंसमेंट टीजर भी सामने आया। इस सीरीज में आर्यन डायरेक्टर की कुर्सी पर बैठकर सिनेमा की दुनिया में कदम रख चुके हैं।
‘चुप तेरे बाप का राज है क्या..’
टीजर में शाहरुख खान और आर्यन खान की मस्तीभरी केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल छू लिया। टीजर में शाहरुख खान एक डैशिंग अंदाज में एंट्री करते हैं और बोलते हैं, ‘पिक्चर तो सालों से बाकी है, लेकिन…’ इसके बाद शाहरुख का डायलॉग अधूरा रह जाता है क्योंकि डायरेक्टर की कुर्सी पर बैठे आर्यन उनसे बार-बार टेक देने को कहते रहते हैं। इस सिलसिले में शाहरुख गुस्से में आकर कहते हैं, ‘चुप, तेरे बाप का राज है क्या?’ और आर्यन मुस्कुराते हुए जवाब देते हैं, ‘हां।’
इसके बाद शाहरुख अपनी लाइन को ठीक से बोलते हैं और कहते हैं, ‘पिक्चर तो सालों बाकी है, लेकिन शो तो अब शुरू हुआ है।’ इस मस्ती और हल्की-फुल्की जुगलबंदी ने पूरे इवेंट में हंसी का माहौल बना दिया। एक और मजेदार पल तब आता है जब शाहरुख गुस्से में कहते हैं, ‘अब मैं टेक करूंगा और तुम सब चुपचाप देखोगे।’
इस टीजर के अंत में आर्यन खान भी अपनी कुर्सी से उठते हैं और कैमरा रोल होने की बात करते हुए एक और टेक लेने की मांग करते हैं, जिस पर शाहरुख थोड़े और गुस्से में कहते हैं, ‘ये क्या कर रहे हो?’ तब आर्यन ‘जवान’ फिल्म के अंदाज में कहते हैं, ‘पापा बेटे को हाथ लगाने से पहले…’ यह बाप-बेटे की जोड़ी की पहली बार स्क्रीन पर दिखाई दी एक शानदार केमिस्ट्री को दर्शाता है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।
‘मेरे बच्चों को भी उतना ही प्यार दें’
शाहरुख खान ने इस मौके पर अपने बच्चों के लिए भी दिल छूने वाले शब्द कहे। उन्होंने कहा, ‘मेहनत तभी रंग लाती है, जब लोग एंटरटेन हो। अब जब यह सब फैमिली में आ गया है, तो फैमिली का कर्तव्य यही है कि हम सब आप लोगों को एंटरटेन करें। मैं प्रार्थना और गुजारिश करता हूं कि मेरे बेटे जो डायरेक्शन में अपना पहला कदम रख रहे हैं और मेरी बेटी जो एक्ट्रेस बन रही हैं, उन्हें भी उतना प्यार मिले, जितना मुझे मिला है।’
The BA**DS Of Bollywood* पहले ‘स्टारडम’ टाइटल से बनाई जा रही थी, लेकिन अब इसका नाम फाइनल हो गया है। सीरीज का अनाउंसमेंट टीजर दर्शकों को बहुत पसंद आ रहा है, जिसमें शाहरुख और आर्यन की जोड़ी ने एक नया टच दिया है।
इस सीरीज का रिलीज डेट अभी तक घोषित नहीं किया गया है, लेकिन यह इसी साल नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है।

