लातेहार : झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरिजन टोला के पास शुक्रवार की रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार रमेश उरांव (38) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक हेरहंज थाना क्षेत्र के लावागड़ा गांव का निवासी था और किसी कार्य से बालूमाथ गया हुआ था। रात को गांव लौटते समय हरिजन टोला के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे रमेश उरांव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

आक्रोशित ग्रामीणों ने कोयला लदे हाइवा में लगाई आग
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश भड़क उठा। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया और कोयला ढोने वाले एक हाइवा वाहन में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा वाहन जलकर खाक हो गया।
पुलिस पहुंची, मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण
घटना की सूचना पाकर डीएसपी विनोद रवानी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। काफी समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीणों को शांत किया गया और सड़क से जाम हटवाया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया, वहीं आग लगी गाड़ी को बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी।
ग्रामीणों की मांगें
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित ग्रामीण मृतक के परिजनों को तुरंत मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। इसके साथ ही वे तेज रफ्तार व वाहनों को अनियंत्रित करने के लिए सख्त गति सीमा तय करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग कर रहे थे।
पुलिस कर रही छानबीन
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना की पूरी जांच की जा रही है और उस वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है जिसने रमेश उरांव को टक्कर मारी थी।

