Jamshedpur : चाकुलिया वन क्षेत्र से एक बेहद दुखद और चिंताजनक घटना सामने आई है। बुधवार को डुमुरडीहा गांव से सटे साल के जंगल में पत्ता तोड़ने गई दो महिलाओं पर एक हाथी ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में 54 वर्षीय महिला बेहुला नायक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला शांति देवी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उन्हें इलाज के लिए परिजनों द्वारा झाड़ग्राम, पश्चिम बंगाल ले जाया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के विधायक समीर मोहंती, पंचायत मुखिया शिवचरण हांसदा और प्रभारी फॉरेस्टर कल्याण महतो गांव पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
मृतका के परिजनों को वन विभाग द्वारा तत्काल राहत के तौर पर 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है, शेष मुआवजा राशि सरकारी प्रक्रिया के बाद जल्द देने की बात कही गई है।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में हाथी का लगातार विचरण हो रहा है और वह शाम होते ही गांव में प्रवेश कर उपद्रव मचाते हैं। इस स्थिति से ग्रामीणों में भारी भय और आक्रोश है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना की जानकारी देने के बावजूद विभागीय अधिकारी और कर्मचारी काफी देर से पहुंचे।
साथ ही, विभाग द्वारा किसी भी तरह की पूर्व सूचना नहीं दी जाती, जिससे ग्रामीण समय रहते सतर्क नहीं हो पाते।ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी की जानकारी समय-समय पर दी जाए और जंगल में काम करने वाले ग्रामीणों को सुरक्षा मुहैया कराई जाए। हाथी को जल्द से जल्द गांव से दूर सुरक्षित स्थान पर भेजने की भी मांग की गई है।

