Jamshedpur : शनिवार रात जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में आग लगने की एक बड़ी घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। कागल नगर रोड स्थित भूतनाथ मंदिर के पास एक 5 मंजिला टावर अपार्टमेंट के तीसरे फ्लोर पर अचानक आग भड़क उठी।बताया जा रहा है कि फ्लैट नंबर 3/9 में लगे एसी के आउटडोर यूनिट में धमाका होने के बाद आग लग गई। घटना के समय फ्लैट की मालकिन बेला बक्सी घर में अकेली थीं। अचानक तेज धमाके के साथ आग की लपटें उठीं और कुछ ही देर में पूरा फ्लैट धुएं से भर गया।
आग लगने के बाद धुआं तेजी से पूरे अपार्टमेंट में फैल गया, जिससे अन्य फ्लैट में रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। हालात बिगड़ते देख सभी लोग तुरंत अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते पूरे अपार्टमेंट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।लोगों की सूझबूझ से टली बड़ी घटनाअपार्टमेंट में रह रहे लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही लोगों ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। इसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही सोनारी पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि फ्लैट में रहने वाली महिला को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।इस घटना के बाद अपार्टमेंट के लोगों में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

