देवरिया : यूपी के देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के हरखौली गांव में शुक्रवार को एक बीटेक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या (Deoria Suicide Case) कर ली। मृतक की पहचान 23 वर्षीय आकाश यादव के रूप में हुई है, जो लखनऊ के एक निजी संस्थान से बीटेक द्वितीय सेमेस्टर का छात्र था। आकाश बुधवार को ही छुट्टियों में अपने गांव लौटा था।
Deoria Suicide Case : पंखे की कुंडी से फंदा बनाकर की आत्महत्या
घटना के समय आकाश अपने कमरे में अकेले पढ़ाई कर रहा था। उसी दौरान उसने कमरे में पंखे की कुंडी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। जब परिवार के लोग किसी कार्य से उसे बुलाने उसके कमरे तक पहुंचे, तो अंदर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। खिड़की से झांककर उन्होंने देखा कि आकाश का शव फंदे से लटका हुआ है।
परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुसाइड नोट में लिखा : “मैंने ज्यादा रुपये खर्च करवा दिए”
पुलिस को मृतक के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। उसमें आकाश ने लिखा है, “मैंने आप सबका बहुत पैसा खर्च करवा दिया, अब मैं जा रहा हूं।” इस सुसाइड नोट से साफ है कि आकाश मानसिक तनाव से गुजर रहा था और पढ़ाई में हुए खर्च को लेकर खुद को दोषी मान रहा था।
परिजनों के अनुसार, आकाश शुरू से ही पढ़ाई में होनहार था और लखनऊ में रहकर बीटेक कर रहा था। लेकिन हाल के कुछ महीनों से वह चुपचाप रहने लगा था।
पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
Read Also: Ballia News : चोरी की बाइक से भागते बदमाश को पुलिस ने दबोचा, पैर में लगी गोली

