Chaibasa (Jharkhand) : पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के खेल प्रेमियों के लिए यह गर्व का पल है। जिले के उज्ज्वल पाठक (पुरुष वर्ग) और गीता हेंब्रम (महिला वर्ग) का चयन झारखंड की सीनियर कबड्डी टीम में हुआ है। ये दोनों खिलाड़ी अब 25 से 28 जुलाई तक चंडीगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय सीनियर कबड्डी चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मोराबादी ट्रायल में दिखाया दम, 120 में से हुआ चयन
हाल ही में रांची के मोराबादी में आयोजित राज्य स्तरीय ट्रायल में झारखंड के अलग-अलग जिलों से 120 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इनमें पश्चिमी सिंहभूम से 9 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें से उज्ज्वल पाठक और गीता हेंब्रम ने अपनी जगह पक्की कर ली।
पूरे जिले में खुशी की लहर
जैसे ही खिलाड़ियों के चयन की सूचना मिली, चाईबासा और आसपास के इलाकों में खुशी की लहर दौड़ गई। खिलाड़ियों और उनके परिजनों को बधाइयों का तांता लग गया।
कोल्हान प्रभारी श्यामल दास, झामुमो नगर अध्यक्ष राहुल तिवारी, जिला सचिव अनुपूर्ति प्रदीप कुमार महतो, गौर चंद मुखी, अनूप प्रसाद, शिव मुखी समेत कई खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेल में जिले की नई पहचान
स्थानीय खेल प्रेमियों का मानना है कि दोनों खिलाड़ी अपनी मेहनत और लगन से न केवल झारखंड बल्कि जिले का भी नाम रोशन करेंगे। खेल जगत के लोग उम्मीद कर रहे हैं कि उज्ज्वल पाठक और गीता हेंब्रम की यह सफलता जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी।
उम्मीदों की नई उड़ान
चाईबासा के इन खिलाड़ियों के चयन ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और प्रतिभा के बल पर कोई भी मंजिल पाई जा सकती है। अब सबकी नजरें चंडीगढ़ में होने वाली राष्ट्रीय सीनियर कबड्डी प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां दोनों खिलाड़ी राज्य का परचम लहराने के लिए तैयार हैं।
Read Also: हटिया के विस्थापित करेंगे विधानसभा का घेराव, रोजगार व अधिकार के लिए आंदोलन तेज करने का ऐलान

