चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र के उरांव टोली गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर शव को जला देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर हत्या का केस दर्ज कर मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
टांगी से हमला कर उतारा मौत के घाट
घटना के संबंध में जानकारी के अनुसार बुधवार शाम आनंदपुर थाना क्षेत्र के उरांव टोली गांव निवासी कार्तिक बाड़ा को मानवेल भुईयां अपने दो दोस्तों के साथ बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। तीनों ने मिलकर नशे का सेवन किया। इसी दौरान मौका देखकर मानवेल ने अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर कार्तिक पर हमला कर दिया। बताया जाता है कि आरोपियों ने पहले कार्तिक पर चाकू से कई वार किए। जब वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा तो टांगी से भी हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
आरोपियों ने की साक्ष्य मिटाने की कोशिश
हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से तीनों आरोपी शव को घसीटते हुए पास के जंगल में ले गए। वहां सूखे पत्ते इकट्ठा कर शव को आग के हवाले कर मौके से फरार हो गए।
कपड़ों और अन्य निशानों से की गई शव की शिनाख्त
घटना के बाद गुरुवार को जब कार्तिक देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और दोस्तों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार सुबह जंगल की ओर से तेज बदबू आने पर मृतक के पिता नागो बाड़ा जब वहां पहुंचे तो देखा कि अधजला शव पड़ा है। शव की शिनाख्त कपड़ों और अन्य निशानों से कार्तिक के रूप में हुई।
पुलिस ने अधजले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही आनंदपुर थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जांच पड़ताल कर अधजले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है।
तीनों आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए की जा रही छापामारी
मृतक के पिता नागो बाड़ा के फर्दबयान पर मुख्य आरोपी मानवेल भुईयां और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। तीनों आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की
मृतक के पिता ने बताया कि कार्तिक का गांव के ही मानवेल भुईयां से पहले से विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले दोनों के बीच कहासुनी और झड़प भी हुई थी। इधर अपहरण कर हत्या की इस वारदात से उरांव टोली और आसपास के गांवों में दहशत है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
Read Also- RANCHI NEWS: नामकुम में नाबालिग के साथ दुष्कर्म, आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

