Home » JHARKHAND CM NEWS: सीएम से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी-2025 का खिताब जीतने वाली क्रिकेट टीम ने की मुलाकात, जानें क्या कहा हेमंत सोरेन ने

JHARKHAND CM NEWS: सीएम से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी-2025 का खिताब जीतने वाली क्रिकेट टीम ने की मुलाकात, जानें क्या कहा हेमंत सोरेन ने

by Vivek Sharma
सीएम हेमंत सोरेन
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी-2025 का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली झारखंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सभी खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) को बधाई व शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में टीम के कप्तान और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ईशान किशन ने पूरी टीम के साथ विजेता ट्रॉफी मुख्यमंत्री को सांकेतिक रूप से सौंपकर जीत का जश्न मनाया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन और मुख्य सचिव अविनाश कुमार, जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, सचिव सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी, झारखंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ मौजूद थे। टीम के कप्तान ईशान किशन सहित सभी खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट के दौरान अपने अनुभव और प्रदर्शन को मुख्यमंत्री के साथ साझा किया।

राज्य के लिए गर्व का क्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि सैयद मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट जीतकर झारखंड ने डोमेस्टिक क्रिकेट में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह पूरे राज्य के लिए गर्व और गौरव का क्षण है। इस जीत से न केवल झारखंड क्रिकेट को नई पहचान मिली है, बल्कि राज्य के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि आज झारखंड के खिलाड़ी क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी, तीरंदाजी और फुटबॉल जैसे खेलों में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

स्पोर्ट्स इकोसिस्टम विकसित करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने राज्य में मजबूत खेल वातावरण और स्पोर्ट्स इकोसिस्टम विकसित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा इकोसिस्टम बनाया जाना चाहिए, जिसमें प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिले। इसके लिए स्कूल और कॉलेज स्तर पर खेलों को मजबूती से जोड़ा जाना आवश्यक है, ताकि उभरते खिलाड़ियों को सही मंच मिल सके। जहां वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें। इस दिशा में राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

जेएससीए से भी किया आग्रह

मुख्यमंत्री ने जेएससीए से आग्रह किया कि खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए विदेशों में खेलने और प्रशिक्षण की व्यवस्था पर भी विचार किया जाए। अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभव से खिलाड़ियों के खेल कौशल और मानसिक मजबूती में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि आने वाली प्रतियोगिताओं में भी झारखंड की टीम बेहतर प्रदर्शन करे, इसके लिए टीम को और सशक्त बनाने का प्रयास लगातार जारी रहना चाहिए।

लौट रहा परंपरागत खेलों का दौर

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आज लोकप्रिय खेलों के साथ-साथ परंपरागत खेलों का दौर भी नए रूप में लौट रहा है। परंपरागत खेलों की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं, जिससे खिलाड़ियों के लिए नए अवसर खुल रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए हमेशा तैयार है। मुख्यमंत्री ने राज्य में पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक नियमित रूप से खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने पर भी बल दिया। इससे न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, बल्कि नए और होनहार खिलाड़ी भी सामने आएंगे, जो भविष्य में राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।

READ ALSO: RANCHI NEWS: खलारी में लेवी वसूलने जा रहा टीएसपीसी का उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार व कारतूस बरामद

Related Articles