Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए एक खुशखबरी है। जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला में आगामी 9 जनवरी शुक्रवार को सुबह 10 बजे से रोजगार मेले का आयोजन करेगा। इस रोजगार मेले में सरायकेला-खरसावां के साथ-साथ जमशेदपुर के योग्य अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे।
जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार तोपनो ने बताया कि रोजगार मेले में जिले की कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। इनमें रामकृष्ण फोर्जिंग्स लिमिटेड, केसी नाथ रिसोर्सेज, श्याम स्टील लिमिटेड, सुदिशा फाउंड्री, बीएन ट्रैक्टर्स, मित्तल मोटर्स, यूनिक सॉल्यूशन, संजीव रमन सिक्योरिटी, युवा शक्ति फाउंडेशन और प्रधान कंस्ट्रक्शन शामिल हैं।
रोजगार मेले के माध्यम से रोबोट इंजीनियर, टर्निंग ऑपरेटर, फिटर, एचएमसी और वीएमसी ऑपरेटर, मेंटेनेंस व क्वालिटी इंजीनियर, सेल्समैन, टेलीकॉलर, ऑटोमोबाइल मैकेनिक, वेल्डर, सेफ्टी सुपरवाइजर, लाइन इंस्पेक्टर, प्रेस फिल्टर ऑपरेटर, क्रेन ऑपरेटर, स्टोर कीपर, सिक्योरिटी गार्ड और ड्राइवर सहित 1200 से अधिक पदों पर चयन किया जाएगा। नियुक्तियां सरायकेला–खरसावां और जमशेदपुर क्षेत्र में होंगी।
चयनित अभ्यर्थियों को 15 हजार से 50 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा। इसके साथ निःशुल्क बस सेवा, कैंटीन सुविधा, पीएफ, ईएसआईसी, इंसेंटिव और अन्य लाभ भी दिए जाएंगे।
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास से लेकर 10वीं, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, बीटेक और एमबीए तक निर्धारित की गई है। नए और अनुभवी दोनों प्रकार के अभ्यर्थी अपने बायोडाटा के साथ तय तिथि और समय पर रोजगार मेले में पहुंच सकते हैं।
जिला नियोजन पदाधिकारी ने सभी योग्य युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाएं। यह चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क होगी। अधिक जानकारी के लिए मॉडल कैरियर सेंटर सह जिला नियोजनालय, सरायकेला–खरसावां से कार्यालय अवधि में संपर्क किया जा सकता है।
Read Also- Jamshedpur News: पटमदा में अवैध खनन माफिया का बवाल, ट्रैक्टर छुड़ाकर हो गए फरार, मामले की जांच शुरू

