Ranchi : झारखंड शराब घोटाला मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ((एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में कई दिनों से फरार चल रहे शराब कारोबारी नवीन केडिया को एसीबी ने दबोच लिया है। नवीन के पीछे एसीबी कई दिनों से पड़ी थी। मुखबिरों को लगाया गया था। यही नहीं, उसका मोबाइल भी ट्रैक किया जा रहा है। एसीबी को पता चला कि शराब कारोबारी इन दिनों गोवा में छिपा हुआ है। इस पर एसीबी ने छापामारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। नवीन केडिया छत्तीसगढ़ के दुर्ग का रहने वाला है। नवीन को इस केस के प्रमुख आरोपियों में शामिल माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम नवीन केडिया को ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाने की प्रक्रिया में जुट गई है। इसके लिए गोवा की कोर्ट में आवेदन डाल दिया गया है। वहां से कोर्ट का आर्डर होते ही एसीबी नवीन केडिया को रांची लेकर आएगी। रांची पहुंचने के बाद उसे एसीबी कोर्ट में पेश किया जाएगा। यहां कोर्ट में एसीबी नवीन का रिमांड मांगेगी। रिमांड पर लेकर नवीन से गहन पूछताछ की जाएगी। माना जा रहा है कि पूछताछ में शराब घोटाले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
जमानत खारिज होने के बाद से था फरार
बताया जाता है कि एसीबी ने इससे पहले नवीन केडिया को समन जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया था, लेकिन वह एजेंसी के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद उसने एसीबी कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दाखिल की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था। अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद से ही वह फरार चल रहा था और एसीबी उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। अब गोवा से गिरफ्तारी के बाद झारखंड शराब घोटाले की जांच में एक अहम कड़ी जुड़ गई है।

