घाटशिला : कासीदा एथेलेटिक्स क्लब मैदान में क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट ‘केग प्रीमियर लीग’ के चौथे सीजन का फाइनल मैच देव एक्सपोर्ट बनाम दत्ता इंटरप्राइज के बीच रविवार को खेला गया। देव एक्सपोर्ट ने टाॅस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर के मैच में 2 विकेट खोकर के 226 रन बनाए। इसमें तुषार ने इस सीजन की पहली शतकीय पारी में 79 गेंद का सामना करते हुए 12 चौके 15 छक्के की मदद से 169 रन और युवराज साव ने 39 गेंद का सामना करते हुए 4 चौके 3 छक्के के मदद से 44 रन बनाए।
दत्ता इंटरप्राइज की ओर से गेंदबाजी में आयुष सिंह ने चार ओवर में 21 रन देकर एक विकेट, अनुभव चौधरी ने चार ओवर में एक मैडन फेंका। 18 रन देकर एक विकेट चटकाया। जवाबी पारी खेलने आई दत्ता इंटरप्राइज की टीम 14.5 ओवर में 10 विकेट खोकर 128 रन बना सकी। यह फाइनल मैच देव एक्सपोर्ट ने 98 रन से जीत लिया।
दत्ता इंटरप्राइज की ओर से बल्लेबाजी में आयुष सिंह ने 20 गेंद का सामना करके 3 चौके व 5 छक्के की मदद से 49 रन और आराध्या सिंह ने 15 गेंद का सामना करके 2 चौके की मदद से 16 रन बनाए। देव एक्सपोर्ट की ओर से गेंदबाजी में अमरजीत दास 2.4ओवर में 15 रन देकर 5 विकेट, देवजीत डे ने चार ओवर में 30 रन दे कर 2 चटकाए।
ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए तुषार को इस मैच के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर घाटशिला के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, विशिष्ट अतिथि के तौर पर जगदीश भगत, नील शंकर दत्त, तापस चटर्जी, इंद्रजीत घोषाल, उत्तम सिन्हा सुशील सोरेन, काजल मुखर्जी आदि मौजूद रहे। विधायक सोमेश सोरेन ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि यह अकादमी इस क्षेत्र के लिए वरदान साबित हो रही है। कई बच्चे जिला स्तर और राज्य स्तर पर खेल रहे हैं।
इस मैदान के संरक्षण के लिए मदद की जाएगी। विजेता और विजेताओं को ट्रॉफी और मेडल देकर विधायक ने पुरस्कृत किया। इस टूर्नामेंट में मैन ऑफ द सीरीज तुषार बेलदार, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज तुषार बेलदार, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज देवजीत दे सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक रूप कुमार करमकार और अमेजिंग खिलाड़ी का पुरस्कार अमरजीत दास को दिया गया। सभा का संचालन शकील अहमद ने किया। इस मैच का अंपायर अभिषेक चौधरी और कुमार सुधांशु, स्कोरर रीता मुंडा और उद्भव मदन रहे। आयोजन को सफल बनाने में शकील अहमद, शिवाजी चटर्जी, अर्जुन सिंह, प्रशांत कुमार सीट आदि सक्रिय रहे।

