Jamshedpur : मानगो थाना क्षेत्र के न्यू पुरुलिया रोड नंबर 16 के पास बदमाशों ने सज्जाद खान उर्फ टांडा की हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए थे। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों पर भी हत्यारोपियों ने गोलियां चलाईं थीं।
शहीद हो गए थे टाइगर मोबाइल के जवान
इस घटना में टाइगर मोबाइल के जवान रामदेव महतो शहीद हो गए थे। घटना में संलिप्त हत्यारोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन दो हत्यारोपी फरार चल रहे थे।
सरायकेला में दबिश देकर की गिरफ्तारी
यह दोनों सरायकेला खरसावां के रहने वाले हैं। पुलिस ने इन दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया है। जिन हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र के रियारदा गांव का रहने वाला लुस्कू मार्डी उर्फ रोहित मार्डी और इसी गांव का रहने वाला गणेश मुर्मू शामिल हैं।
छापामार टीम में शामिल थे यह अधिकारी
पुलिस ने बताया कि इन दोनों अपराधियों को गिरफ्तार करने वाली छापामार टीम में डीएसपी हेड क्वार्टर वन भोला प्रसाद के अलावा मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद भी शामिल थे।

