Hazaribag : हजारीबाग जिले के बरही में 16 नवंबर को बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। बदमाशों ने बरही चौक के पास स्थित जय माता दी ज्वेलर्स के सामने खड़ी कार का शीशा तोड़कर चार बैग में सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए थे और फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए घटना के मुख्य आरोपी रामाशीष चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।
रामाशीष चौधरी बिहार के गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के बनाही गांव का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी को तब गिरफ्तार किया जब वह दुर्घटना में घायल होने के बाद अपने घर पर इलाज कर रहा था। लिखा-पढ़ी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि रामाशीष चौधरी का आपराधिक इतिहास है। इसके खिलाफ गया जिले के ही आमस थाना क्षेत्र में दो केस दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि घटना को तब अंजाम दिया गया था, जब जय माता दी ज्वेलर्स के मालिक सुरेंद्र कुमार चार बैग में सोने चांदी के जेवरात भरकर अपनी कार में रखकर कहीं जाने वाले थे। तभी दो मोटरसाइकिल पर सवार बदमाश वहां पहुंचे और दो राउंड फायरिंग की। फायरिंग की आवाज सुनकर सुरेंद्र कुमार वहां से हट गए। इसके बाद बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर चारों बैग लूट लिए थे।
पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं चार आरोपी
इस मामले में 17 नवंबर को बरही थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। घटना के खुलासे के लिए एक एसआईटी गठित की गई थी। पुलिस ने इस घटना का खुलासा कर चतरा के इटखोरी के मायापुर के रहने वाले इंद्र राज चौधरी, गया के शेरघाटी के रहने वाले रोशन यादव, गया जिले के रोशनगंज थाना क्षेत्र के लेंबोइया गांव के धनंजय चौधरी, गया जिले के ही धनगाई गांव के अभिषेक सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। दो अभियुक्त फरार चल रहे थे जिनमें से एक रामाशीष चौधरी को गिरफ्तार किया गया है।

