रांची : झारखंड के मौसम में इन दोनों लुकाछिपी का दौर जारी है। राज्य में दिन और रात के तापमान के बीच भारी अंतर दर्ज किया जा रहा है। दोपहर में तेज धूप लोगों को गर्मी का अहसास करा रहा है, जबकि रात में न्यूनतम तापमान कई जिलों में 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर रहा है। इस अचानक बदलते मौसम ने लोगों की दिनचर्या और स्वास्थ्य पर प्रभाव डालना शुरू कर दिया है। झारखंड में मौसम का यह बदलाव आने वाले दिनों में भी जारी रह सकता है, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बनी हुई है। फिलहाल राज्य में दिन में गर्मी और रात में कड़ाके की ठंड का सिलसिला जारी रहेगा।

Jharkhand Weather Update : पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का मिजाज
मौसम विभाग का कहना है कि, इस वर्ष उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की आवृत्ति बढ़ी है। फरवरी में अब तक चार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुके हैं। हालांकि इनका प्रभाव मुख्य रूप से मैदानी इलाकों तक सीमित रहा, लेकिन इनके कारण हवा की दिशा में बदलाव हुआ है, जिससे झारखंड के मौसम में तेजी से उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। वहीं तीन से चार दिनों के अंतराल पर तापमान में बदलाव देखा जा रहा है। दिन में तेज धूप और रात में ठंड का यह संयोजन स्वास्थ्य के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
Ranchi Weather Today : न्यूनतम 5 डिग्री, अधिकतम 30 डिग्री के पार
राजधानी रांची सहित पलामू, चतरा, कोडरमा, लोहरदगा, खूंटी, गुमला, हजारीबाग और रामगढ़ में न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
रात में शीतलहर जैसे हालात महसूस किए जा रहे हैं, जबकि दोपहर में गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है। यह तापमान अंतर 20 डिग्री से अधिक का हो सकता है, जो मौसम के असामान्य व्यवहार को दर्शाता है।
Jharkhand Temperature Report : जानें अन्य जिलों का हाल
देवघर, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिलों में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। वहीं, इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

