गुमला : झारखंड के गुमला जिले में गुमला-छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिलम बाईपास मोड़ के पास बुधवार को देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जाता है कि एक तेज रफ्तार से जा रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार ढंग से हुई थी कि ट्रेलर में तुरंत आग लग गई। हादसे के समय चालक वाहन की केबिन में ही फंस गया और आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

रात करीब एक बजे जब यह दुर्घटना हुई तो दूर तक लोगों ने टक्कर की आवाज सुनी और सहम गए। आवाज सुनकर बाहर निकले लोगों ने देखा कि ट्रेलर धू-धू कर जल रहा था। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गुमला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग के बीच फंसे चालक को बाहर निकाला। घायल चालक को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
ट्रेलर छत्तीसगढ़ की ओर जा रहा था और उसमें जेसीबी लदी हुई थी। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को वाहन चलाते समय झपकी आ गई होगी, जिससे यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस मृतक चालक की पहचान करने में जुटी है और मामले की जांच कर रही रही है।
Read Also- RANCHI RAIL NEWS : होली पर विशेष ट्रेनें चलाएगा दक्षिण पूर्व रेलवे, देखें लिस्ट

