Lohardaga : लातेहार के चंदवा इलाके में डेढटंगवा घाटी के पास एक ट्रक के अचानक पलट जाने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रक कार पर ही पलट गया। इस दुर्घटना में कार चला रहे लोहरदगा संजय गांधी पथ के रहने वाले प्रकाश साहू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रकाश साहू की मौत की सूचना जैसे ही लोहरदगा स्थित उनके घर पहुंची। वहां कोहराम मच गया। लोग भागते हुए अस्पताल पहुंचे। इस दुर्घटना में प्रकाश साहू की पत्नी और बच्चा घायल हुए हैं। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उसका इलाज चल रहा है।
बीमा कंपनी में एजेंट थे प्रकाश साहू
बताते हैं कि प्रकाश साहू जीवन बीमा कंपनी में एजेंट थे। वह लातेहार जिला के नगर मंदिर में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने कार से गए थे। विवाह समारोह में शिरकत करने के बाद जब वह अपनी कार से वापस घर लौट रहे थे, तभी चंदवा थाना क्षेत्र के डेढ़टंगवा घाटी के पास सड़क दुर्घटना हुई। कार के बगल में चल रहा ट्रक अचानक पंक्चर हो गया और पलट कर कार पर ही गिर पड़ा। ट्रक पर राड लदा हुआ था। इस सड़क हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई और प्रकाश साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
लातेहार के एसडीपीओ अरविंद कुमार ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

