Home » Gumla News: गुमला में आबादी में घुसा हाथी, युवक घायल, क्षेत्र में दहशत

Gumla News: गुमला में आबादी में घुसा हाथी, युवक घायल, क्षेत्र में दहशत

हाथी के आने की सूचना मिलते ही आसपास एवं दूर-दराज के गांवों से सैकड़ों की संख्या में लोग उसे देखने के लिए मौके पर पहुंच गए।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Gumla: जिले भरनो प्रखंड के अमलीया जंगल से निकलकर एक हाथी मंगलवार को भरनो थाना क्षेत्र के बूढ़ीपाठ तेतरटोली और बोडोटोली के बीच स्थित नदी किनारे हाड़हु बगीचा पहुंच गया। हाथी के अचानक आबादी के समीप पहुंचने से क्षेत्र में दहशत फैल गई।

हाथी के आने की सूचना मिलते ही आसपास एवं दूर-दराज के गांवों से सैकड़ों की संख्या में लोग उसे देखने के लिए मौके पर पहुंच गए।भीड़ में शामिल कुछ लोग हाथी के साथ छेड़छाड़ और नजदीक जाकर फोटो-वीडियो बनाने की कोशिश करने लगे।

भीड़ और शोर-शराबे से हाथी भी कई बार भड़क गया और लोगों को दौड़ाने लगा, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा वन विभाग गुमला को दी गई। सूचना मिलते ही वनरक्षी अकील अहमद क्यूआरटी टीम के साथ उक्त स्थल पर पहुंचे।वन विभाग की टीम ने लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को हाथी से दूर रहने और किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करने की बार-बार अपील की।इसके बावजूद भी कई लोग हाथी के काफी नजदीक पहुंचते रहे,जिससे खतरा बढ़ता गया।

इसी बीच देर शाम हाथी ने एक युवक को दौड़ाया। जान बचाकर भागने के क्रम में बेड़ों थाना क्षेत्र के ईटा चिल्डरी गांव निवासी 28 वर्षीय प्रताप मिंज बांस के पेड़ से टकरा गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके माथे में गहरी चोट आई।

गनीमत रही कि हाथी ने उन्हें कुचला नहीं,अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तत्काल वाहन से अस्पताल भेजा,जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि हाथी अभी भी इसी क्षेत्र में विचरण कर रहा है।आसपास के गांवों के लोग भयभीत हैं और रातभर जागकर पहरा देने को विवश हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने और क्षेत्र में स्थायी समाधान की मांग की है,ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथी के नजदीक न जाएं,अफवाहों से बचें और किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।

Related Articles

Leave a Comment