Jamshedpur : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र से 24 वर्षीय युवक 18 दिनों से लापता है। युवक की मां ने पुलिस पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी और सिटी एसपी जमशेदपुर को लिखित आवेदन देकर मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
बताया जा रहा है कि बागबेड़ा गांधीनगर निवासी सुकू देवी ने बताया कि उनका 24 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार 17 फरवरी से लापता है। काफी खोजबीन के बावजूद अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सुकू देवी ने बताया कि वह दूसरों के घरों में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं और बेटे के लापता होने के बाद से लगातार थाना का चक्कर लगा रही हैं।
बागबेड़ा थाना पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
पीड़ित मां का कहना है कि इस मामले में उन्होंने पहले ही बागबेड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज में उनका बेटा आखिरी बार बागबेड़ा के गांधीनगर में शीतला मंदिर इलाके के रहने वाले गौतम, उसके भाई और भाभी के साथ दिखाई दे रहा है।
अप्रिय घटना घटने की जताई आशंका
मां ने आशंका जताई है कि उनके बेटे के साथ कोई अप्रिय घटना घट सकती है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने, संबंधित लोगों से पूछताछ करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

