Giridih: झारखंड के गिरिडीह जिले में गुरुवार रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नगर थाना क्षेत्र के हुट्टी बाजार स्थित रविदास मोहल्ला में डीजे बजाने को लेकर बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
बताते हैं कि मोहल्ले में डीजे बजाने को लेकर बच्चों के बीच कहासुनी हो रही थी। इसी विवाद के बाद मोहल्ले का ही रवि दास नामक युवक चाकू और भुजाली लेकर मौके पर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि उसने अजय दास नामक युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।घटना के दौरान जब आसपास के लोग बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपित ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे तीन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अजय दास को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में भी तनाव का माहौल बना हुआ है।इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

