देवघर : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर करण शर्मा शुक्रवार की सुबह देवघर पहुंचे। यहां उन्हें बाबा मंदिर में कड़ी सुरक्षा के बीच भोले बाबा का दर्शन कराया गया। इस दौरान उन्होंने यहां के युवा क्रिकेटरों से कहा कि मेहनत करते रहो क्योंकि सफलता के लिए मेहनत के अलावा और कोई शाॅर्टकट रास्ता नहीं होता है। उन्होंने कहा कि बाबा भोले का दर्शन बहुत अच्छे तरीके से हो गया।
बाबा भोले से प्रार्थना है कि देश आगे बढ़े और देश में शांति हो। करण शर्मा अपने क्रिकेट के सफर व अलग-अलग टीम से आईपीएल में तीन ट्राफी जीत चुके हैं। भारत का खेल के तीनों फाॅर्मेट में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अपने क्रिकेट के जीवन पर उन्होंने कहा कि भागवान की कृपा से जो सोचा, वह हुआ। भगवान ऐसी ही कृपा आगे भी मुझ पर बनाए रखें। उन्होंने यहां के युवा क्रिकेटरों को यही संदेश है कि हमेशा मेहनत करते रहो। सफलता व मेहनत का कोई शाॅर्टकट नहीं होता है।
यहां बता दें कि करण शर्मा जाने-माने दाएं हाथ के लेग स्पिनर हैं। वे भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वे अपनी गुगली व लेग ब्रेक गेंदबाजी के लिए काफी मशहूर हुए। वे आईपीएल में भी विभिन्न टीमों से काफी दिनों तक खेलते रहे हैं। 38 वर्षीय करण शर्मा मूल रूप से मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैंं।
करण शर्मा की उपलब्धियां
2014-15 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया। उन्होंने एक टेस्ट में चार विकेट लिया। वहीं भारत के लिए दो वनडे खेला और और एक टी-20 मैच का भी हिस्सा रहे। आईपीएल में उन्होंने विभिन्न टीमों से 90 मैच खेले हैं और 83 विकेट हासिल किया है। इसके अलावा प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उन्होंने 97 मैच में 270 विकेट प्राप्त किया है। लिस्ट ए में 123 में 153 और विभिन्न टी-20 में 191 मैच में 168 विकेट हासिल किया है। बैटिंग में अक्सर निचले क्रम में उतरकर उन्होंने अहम योगदान दिया है।
भारत के अलावा उन्होंने आईपीएल में मुंबई इंडियन, चेन्नई सुपर किंग्स, आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए प्रतिनिधिक्त किया है। घरेलू क्रिकेट में वे रेलवे, उत्तर प्रदेश, विदर्भ व सेंट्रल जोन का हिस्सा रहे हैं। वहीं इंडिया ए, इंडिया बी, इंडिया ग्रीन, इंडिया रेड के साथ खेले हैं। वर्ष 2012-13 में तीन रणजी मैच में 21 विकेट प्राप्त किया था। इस कारण उन्हें बीसीसीआई की ओर से बेस्ट अंडर-25 क्रिकेटर का इनाम दिया गया था। वहीं से वे लगातार आगे बढ़ते रहे। वे अभी भी क्रिकेट खेल रहे हैं।

