लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2.16 करोड़ रुपये मूल्य का 433 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कचहरी मोड़ स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में रखे एक बड़े बक्से से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
154 पैकेट में छिपाकर रखा गया था गांजा
लोहरदगा थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने बताया कि ट्रक में रखे बक्से के अंदर कुल 154 पैकेटों में गांजा छिपाकर रखा गया था। बरामद गांजे का कुल वजन करीब 433 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 2.16 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। इनमें से एक आरोपी बिहार के सारण जिले का रहने वाला है, जबकि दूसरा उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले का निवासी है। पूछताछ में पता चला है कि गांजे की यह खेप झारखंड से उत्तर प्रदेश भेजी जा रही थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही इस तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है।
Read Also- RANCHI GAS CRISIS: राजधानी में गैस मिलने में दिक्कत, इस समय से कर सकेंगे सिलेंडर बुकिंग

