Jamtara : बेटी की डोली उठे 24 घंटे भी नहीं हुए थे कि इधर पिता की अर्थी निकालनी पड़ी । आरोप है कि बेटे ने ही अपने पिता की कुदाली मारकर हत्या कर दी। घटना करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रामपुर माधोपुर गांव की सोमवार की देर रात की बताई जा रही है।
यहां 60 वर्षीय निवासी गोविंद राय उनके ही बड़े बेटे ललित राय ने कुदाली से मारकर हत्या कर दी। घटना की खबर सुनते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागुरी, प्रभारी थाना प्रभारी विकास कुमार तिवारी, एसआई मुकेश कुमार भोक्ता , एएसआई जगन्नाथ टुडू पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इंवेस्टिगेशन के दौरान संदिग्ध अवस्था में खटिया में पड़ी मृतक की लाश पाई गई।
मृतक की पत्नी समेत कई लोगों ने ललित राय पर पिता की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए ललित राय को पिता की हत्या के इल्ज़ाम में हिरासत में ले लिया है। मौके पर फारेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची। फारेंसिक एक्सपर्ट की टीम के चंदन कुमार, संजीव कुमार और रामकृष्ण मुर्मू ने मृतक के घर के कुदाल समेत कई वस्तुओं की जांच की।
महिला घर पहुंची तो देखी पति की लाश
मृतक की पत्नी कुंती देवी ने बताया कि उनकी बेटी आशा राय की शादी रविवार रात को हुई। उसकी विदाई सोमवार सुबह-सुबह की गई। सब कुछ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। मंगलवार को उनके पति गोविंद राय व बड़े बेटे ललित राय नशे में धुत होकर आपस में लड़ाई करने लगे। इसी दौरान मामला काफी बढ़ गया और छोटे बेटे अशोक राय ने दोनों को अलग-अलग घर भेज दिया। बाद में जब वह घर पहुंची तो देखा कि उनके पति गोविंद राय की लाश जमीन में पड़ी हुई थी।
उन्होंने शव देखते ही शोर मचाया तो मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की तफ्तीश में जुटी है।
पुलिस ने बेटे को लिया हिरासत में
प्रभारी थाना प्रभारी विकास कुमार तिवारी ने बताया कि रामपुर माधोपुर गांव में बेटे ने पिता की हत्या कर दी है। फॉरेंसिक टीम द्वारा जांच की जा रही है। लाश को कब्जे में ले लिया गया है। इसके साथ ही बेटे को हिरासत में ले लिया गया है। आवेदन मिलते ही आरोपी को जेल भेजा जाएगा।
Read Also: Jharkhand Education News : झारखंड में चांसलर पोर्टल का यूआरएल बदला, नए लिंक से करें आवेदन

