जमशेदपुर : झारखंड के सभी सरकारी विश्वविद्यालयों में स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में नामांकन और पंजीकरण प्रक्रिया को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। राज्य के नौों विश्वविद्यालयों के लिए उपयोग होने वाले ‘चांसलर पोर्टल’ का आधिकारिक वेब पता (यूआरएल) बदल दिया गया है। अब छात्र-छात्राएं पुराने लिंक की जगह नए पोर्टल https://universities.jharkhand.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले यह सुविधा https://jharkhanduniversities.nic.in पर उपलब्ध थी।
यह बदलाव Department of Higher and Technical Education Jharkhand के निर्देश पर लागू किया गया है। सभी विश्वविद्यालयों ने नोटिस जारी कर छात्रों को इसकी जानकारी दे दी है। नोटिस में कहा गया है कि पोर्टल के अपडेटेड वर्जन को सभी विश्वविद्यालयों में समान रूप से लागू करने और छात्रों को आसान व सुलभ पहुंच प्रदान करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। साथ ही, इस बदलाव की सूचना सभी विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को भी दे दी गई है, ताकि नामांकन प्रक्रिया के दौरान छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मई अंत या जून से शुरू होगी स्नातक नामांकन प्रक्रिया
झारखंड के विश्वविद्यालयों में स्नातक नामांकन की प्रक्रिया मई के अंतिम सप्ताह या जून के पहले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। इस संबंध में सभी विश्वविद्यालयों को आवश्यक तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रक्रिया समय पर संचालित की जा सके।
मिली जानकारी के अनुसार, Jharkhand Academic Council द्वारा इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद ही विभिन्न विश्वविद्यालयों की ओर से नामांकन की अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद छात्र-छात्राएं ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
उच्च शिक्षा विभाग का मानना है कि परिणाम जारी होते ही नामांकन प्रक्रिया को तेज किया जाएगा, जिससे छात्रों का समय पर दाखिला सुनिश्चित हो सके।
Read Also: Ghatshila News : घाटशिला कॉलेज के लिए अतिरिक्त भूमि की मांग को लेकर सीओ से मिले प्राचार्य

