रांची : झारखंड में प्री-मॉनसून की गतिविधियां अब तेज होती दिख रही हैं, जिससे राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के प्रभाव से रांची समेत कई जिलों में गरज-चमक, तेज आंधी और बारिश की स्थिति बनी हुई है। बीते दिन हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद आज भी कई इलाकों में मौसम अस्थिर रहने की संभावना जताई गई है।
रांची सहित कई जिलों में बदला मौसम
राजधानी रांची में आज अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, देवघर और कोडरमा में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और हल्की से मध्यम बारिश के साथ 35 से 45 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इन जिलों में चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने राज्य के लगभग 15 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, धनबाद, गिरिडीह और देवघर प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन जिलों में छिटपुट बारिश के साथ वज्रपात की संभावना बनी हुई है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे फसलों को नुकसान की आशंका जताई गई है।
दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर बरकरार
दक्षिणी और पश्चिमी झारखंड के जिलों जैसे चाईबासा, गढ़वा और पलामू में दिन के समय गर्मी का असर अपेक्षाकृत अधिक रह सकता है। हालांकि, शाम के समय मौसम में बदलाव के संकेत हैं और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। उत्तरी जिलों में बादलों की आवाजाही अधिक रहने के कारण तापमान संतुलित बना रह सकता है।
भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों तक राज्य में प्री-मॉनसून की गतिविधियां जारी रहेंगी। 6 और 7 मई को कुछ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 8 मई से तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है, जिससे फिर से गर्मी बढ़ने के संकेत हैं।
Rerad Also- झारखंड मौसम अपडेट : 9 मई तक बदला रहेगा मौसम, रांची- बोकारो समेत 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

