RANCHI: सरहुल, ईद और रामनवमी को लेकर शहर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रांची नगर निगम ने त्योहारों के दौरान शहर के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से योजना बनाई है। सोमवार को अपर प्रशासक संजय कुमार की अध्यक्षता में निगम पदाधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों को साफ-सफाई, लाइट व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। अपर प्रशासक ने कहा कि निगम का लक्ष्य है कि सभी पर्व स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हों। श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विशेष अभियान चलाने का निर्देश
स्वच्छता शाखा को निर्देश दिया गया कि शहर के सभी 53 वार्डों में स्थित लगभग 298 सरना स्थल और अखड़ा, ईद के लिए ईदगाह व मस्जिदों और रामनवमी के दौरान मुख्य मंदिरों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। इसके तहत झाड़ू लगाना, कचरा उठाव, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और मुख्य मार्गों पर मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन से सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। शोभायात्रा वाले मार्गों पर तीन शिफ्ट में सफाई अभियान चलाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख मार्गों पर पानी के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था करने के अलावा शहर के सभी सुलभ शौचालयों को 24 घंटे नि:शुल्क चालू रखने का निर्देश दिया गया है।
स्ट्रीट लाइट को कराए ठीक
विद्युत शाखा को खराब पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक करने और शोभायात्रा मार्गों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं इनफोर्समेंट शाखा को मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया। रामनवमी के दिन शहर में मांस और मछली की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इंजीनियरिंग शाखा को सड़कों के गड्ढों की मरम्मत, खुले नालों को ढकने और सरहुल से पहले सरना स्थलों पर आवश्यकतानुसार स्टोन डस्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। हॉर्टिकल्चर शाखा को शोभायात्रा मार्गों पर लटक रही पेड़ों की शाखाओं की छंटाई तत्काल कराने को कहा गया है।
सरहुल और रामनवमी पर बस में फ्री सफर
इसके अलावा परिवहन शाखा को सरहुल और रामनवमी के दौरान दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न रूटों पर नि:शुल्क सिटी बस चलाने की तैयारी करने का निर्देश दिया गया है। अपर प्रशासक ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखें, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें और कचरा केवल डस्टबिन में ही डालें। त्योहारों के दौरान निगम का कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। किसी भी समस्या के लिए नागरिक हेल्पलाइन नंबर 18005701235 पर संपर्क कर सकते हैं।

