RANCHI: रांची में जिला सलाहकार समिति (पीसी एंड पीएनडीटी) की बैठक उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में सदर अस्पताल के सभागार में आयोजित की गई। इसमें अल्ट्रासाउंड सेंटर के निबंधन, नवीकरण, मशीनों के फार्म-बी में प्रविष्टि, चिकित्सकों की नियुक्ति तथा यूएसजी मशीन खरीद से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के समक्ष प्रस्तुत आवेदनों पर विचार करते हुए कुल 6 नए अल्ट्रासाउंड सेंटर के निबंधन तथा 4 सेंटर के नवीकरण को स्वीकृति दी गई। इसके अलावा संस्थानों में मशीनों की फार्म-बी में एंट्री तथा दस्तावेज सत्यापन के बाद चिकित्सकों की जॉइनिंग को भी मंजूरी प्रदान की गई।
अल्ट्रासाउंड सेंटर का नियमित करें निरीक्षण
बैठक में विभिन्न प्रस्तावों पर भी निर्णय लिया गया, जिसमें यूएसजी मशीन स्थानांतरण के 1 आवेदन, नए डॉक्टरों की नियुक्ति के 7 आवेदन, मशीन खरीद के 6 आवेदन तथा फार्म-बी प्रविष्टि से जुड़े 19 आवेदनों को सहमति दी गई। वहीं, मशीन डिसमेंटलिंग या रीफर्बिसिंग के लिए 1 लाइसेंस जमा किया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अल्ट्रासाउंड सेंटर का नियमित अंतराल पर निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार के नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में एमआरआई और सीटी स्कैन मशीनों के रजिस्ट्रेशन से संबंधित विषय को भी एजेंडा में शामिल किया गया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, डीपीएम प्रवीण कुमार सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
READ ALSO: RANCHI RIMS NEWS: इलाज ही नहीं, मौत के बाद ‘मुक्ति’ में भी मदद कर रहा रिम्स

