RANCHI: पर्यटन स्थल हुंडरू फॉल में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब घूमने आए 3 छात्र खतरनाक क्षेत्र में डूबने लगे। मौके पर तैनात ‘पर्यटक मित्रों’ की सतर्कता और बहादुरी से सभी को रेस्क्यू कर लिया गया। घटना दोपहर करीब एक बजे की है। जानकारी के अनुसार, रांची के चुटिया इलाके में किराए पर रहकर पढ़ाई करने वाले चार छात्र दो बाइकों से हुंडरू फॉल पहुंचे थे। वे ‘जोगिया दह’ नामक खतरनाक स्थान के पास सेल्फी ले रहे थे, तभी प्रत्यूष राज का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गया। उसे बचाने के लिए पीयूष राज और गुलशन कुमार भी पानी में कूद पड़े, लेकिन तैरना नहीं जानने के कारण तीनों तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे। चौथे साथी सुमित कुमार ने शोर मचाकर मदद मांगी।
शोर सुनते ही वहां मौजूद पर्यटक मित्र तुरंत सक्रिय हुए और बिना देर किए गहरे पानी में कूद गए। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने तीनों युवकों को बाहर निकाला। प्रत्यूष की हालत बेहद गंभीर थी और उसकी सांसें लगभग थम चुकी थीं। पर्यटक मित्रों ने करीब एक घंटे तक लगातार सीपीआर देकर उसकी जान बचाई। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद प्रशासन और हुंडरू फॉल समिति ने पर्यटकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित और खतरनाक क्षेत्रों में जाने से बचें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें।
READ ALSO: RANCHI NEWS: पंचकल्याणक महोत्सव में भावना योग शिविर, मुनिश्री प्रमाणसागर ने दिया आत्म-जागरण का संदेश

