पलामू : पलामू के नवनियुक्त उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत मंगलवार को अचानक पांकी पहुंच गए। उन्होंने प्रखंड सह अंचल कार्यालय और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। जिस समय उपायुक्त पांकी पहुंचे, प्रखंड सह अंचल कार्यालय में काम कराने आए लोगों की भीड़ लगी थी।
डीसी ने कई ग्रामीणों को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं एवं कुछ का ऑनस्पॉट समाधान भी कराया। उनके अचानक निरीक्षण करने पहुंचने से कार्यालय में हड़कंप मच गया। इस दौरान उन्होंने न केवल प्रशासनिक कामकाज का जायजा लिया, बल्कि आम जनता से रूबरू होकर उनकी शिकायतें भी सुनीं।
उपायुक्त ने प्रखंड और अंचल कार्यालय की विभिन्न फाईलों का अवलोकन किया और लंबित कार्यों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि वे काम को लटकाकर न रखें। अपनी कार्य संस्कृति में सुधार और पारदर्शिता लाएंं।
कार्यालय परिसर में मौजूद ग्रामीणों ने उपायुक्त को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। उपायुक्त ने संवेदनशीलता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्य निष्पादन के निर्देश दिए।
कस्तूरबा विद्यालय में किया स्कूल बैग का वितरण

प्रखंड सह अंचल कार्यालय के निरीक्षण से पूर्व उपायुक्त कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंचे। इस दौरान छात्राओं से वार्ता कर उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहने और खूब मेहनत करने की सलाह दी। मौके पर स्कूली बैग का वितरण भी छात्राओं के बीच किया।

