Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बारातियों से भरी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर उंधन गांव के पास सड़क से करीब 10 फीट नीचे खेत में जा गिरी।
मृतकों में 12 साल का बच्चा भी शामिल
मृतकों की पहचान बरंगा गांव निवासी 12 वर्षीय रोहन गोप और गोपीपुर गांव निवासी 25 वर्षीय दशरथ सरदार के रूप में हुई है। हादसे में सूरज महतो (22), शिशुपाल मुदी (26), राहुल गोप (20), गोपी मुदी, सौरभ लोहार (16) तथा सुरेश गोप (48) घायल हुए हैं। सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
शादी से लौट रही थी बारात
पिकअप संख्या JH-06C/7345 बरंगा गांव से बारातियों को लेकर आनंदपुर प्रखंड के समीज गांव गई थी। शादी समारोह के बाद देर रात सभी लोग वापस लौट रहे थे। उंधन गांव के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार पिकअप असंतुलित होकर खेत में पलट गई।
साउंड सिस्टम का भारी सामान बना हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि वाहन में बारातियों के साथ-साथ साउंड सिस्टम का भारी सामान भी लदा था। आशंका है कि अत्यधिक भार के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय जोरदार धमाके जैसी आवाज आई। अंधेरा और ग्रामीण इलाका होने के कारण राहत कार्य में शुरुआती दिक्कतें आईं। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर अत्यधिक भार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Read Also- Palamu Crime : नौकरी नहीं मिलने से अवसाद में था युवक, ट्रेन आती देख पटरी पर लेट गया, मौत

