पलामू : पलामू जिले के डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर रविवार को लोगों को विचलित करने वाली घटना सामने आई। प्लेटफार्म नंबर एक पर एक युवक बैठा था। दूसरे प्लेटफॉर्म पर मालगाड़ी आ रही थी। ट्रेन के करीब पहुंचने पर वह नीचे उतरकर सीधे रेलवे पटरी पर पहुंचा। फिर अपना सिर रेल पटरी पर रखकर लेट गया। कुछ ही पल में मालगाड़ी उसके सिर और धड़ को अलग करते हुए पार कर गई। बाद में पता चला कि युवक नौकरी नहीं मिलने से परेशान चल रहा था।
युवक की पहचान पलामू जिले के चैनपुर प्रखंड के पूर्वडीहा गांव निवासी 30 वर्षीय रंजीत दुबे, पिता हरेंद्र दुबे के रूप में हुई है। सोमवार को घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया। शव की पहचान होने पर सुबह 10:00 बजे एमएमसीएच में पोस्टमार्टम किया गया। मौके पर बड़ी संख्या में गांव के लोग और परिजन मौजूद थे। सोमवार को गांव में कोयल नदी तट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। शुरुआत में डेड बॉडी की पहचान नहीं होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था। शव सुरक्षित रखा गया था। पहचान होने के बाद परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करने का निर्णय लिया गया।
सूत्रों के अनुसार रंजीत दुबे पढ़ने में अच्छा था। संत जेवियर कॉलेज रांची और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (वीएचयू) से उसने पढ़ाई की थी। बावजूद उसकी स्थायी जॉब नहीं लग रही थी। इस कारण तनाव में था। रंजीत अपने माता पिता का इकलौता पुत्र था। अभी शादी नहीं हुई थी। पिता किसान हैं। रंजीत के खुदकुशी करने से गांव में शोक की लहर है। लोगों ने बताया कि वर्ष 2018 में भी रंजीत दुबे ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी करने की कोशिश की थी। उस समय उसकी जान बच गई थी। लेकिन इस बार उसे बचाया नहीं जा सका।

