Home » Chaibasa Hindi News : ई-फार्मेसी के विरोध में केमिस्टों का देशव्यापी बंद, चाईबासा में भी दवा दुकानें रहीं बंद

Chaibasa Hindi News : ई-फार्मेसी के विरोध में केमिस्टों का देशव्यापी बंद, चाईबासा में भी दवा दुकानें रहीं बंद

by Rajeshwar Pandey
Chaibasa Hindi News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर बुधवार को देशभर में केमिस्टों की एकदिवसीय हड़ताल रही। इसके तहत पश्चिमी सिंहभूम केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन, चाईबासा के नेतृत्व में जिले की सभी थोक एवं खुदरा दवा दुकानें सुबह से ही बंद रहीं।

एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश ठक्कर और सचिव रमेश खिरवाल ने बताया कि AIOCD देशभर के 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट व वितरकों का प्रतिनिधित्व करता है। केंद्र व राज्य सरकारों को बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद औषधि व्यापार और जनस्वास्थ्य से जुड़े गंभीर मुद्दे अनसुलझे हैं। संगठन की प्रमुख मांगों में अवैध ई-फार्मेसी संचालन पर रोक, 28 अगस्त 2018 की अधिसूचना GSR 817(E) और 26 मार्च 2020 की अधिसूचना GSR 220(E) को वापस लेना शामिल है। केमिस्टों का कहना है कि अनियंत्रित ई-फार्मेसी से बिना वैध पर्चे के दवाओं की बिक्री हो रही है। प्रिस्क्रिप्शन का बार-बार दुरुपयोग, एंटीबायोटिक्स व हैबिट फॉर्मिंग दवाओं की आसान उपलब्धता और नकली पर्चों का प्रचलन बढ़ रहा है।

इससे एंटी-माइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) का खतरा भी बढ़ गया है।बड़े कॉरपोरेट्स द्वारा की जा रही प्रीडेटरी प्राइसिंग से छोटे दुकानदारों की आजीविका पर संकट है। संगठन ने कहा कि दवा कोई सामान्य वस्तु नहीं है। इस व्यवस्था में शिथिलता जनस्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है।
बंद से पहले एसोसिएशन ने पश्चिम सिंहभूम के उपायुक्त, जगन्नाथपुर व चक्रधरपुर के अनुमंडल पदाधिकारियों को पत्र लिखकर सरकार से अनुशंसा करने का आग्रह किया था।

एसोसिएशन ने जिलेवासियों से बंद के दौरान हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए सहयोग की अपील की। कहा कि यह बंद जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और लाखों केमिस्टों की आजीविका बचाने के लिए है। संगठन ने लोगों से नकली व जाली दवाओं से बचने और स्वस्थ रहने का आग्रह भी किया। बंद के कारण जिले में जरूरी दवाओं के लिए लोगों को परेशानी हुई, हालांकि अस्पतालों की इमरजेंसी सेवाएं चालू रहीं। खास कर जिले में दवा दुकान बंद रहने से गरीब लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।

Read Also- Chaibasa Road Accident : टाटा से चाईबासा आ रही बस की बाइक से सीधी टक्कर, बाइक चालक गंभीर रूप से घायल

Related Articles

Leave a Comment