
Jamshedpur : गोलमुरी थाना क्षेत्र के रघुवर मार्केट में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और आसपास की लगभग चार दुकानें जल कर राख हो गईं। इस घटना में दुकानों में रखा सारा सामान जलकर बर्बाद हो गया। दुकानदारों ने करीब 15 लाख रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मार्केट परिसर में जमा कचरे में अचानक आग लगी थी। कचरे के बीच एक पुराना टायर भी पड़ा हुआ था। आग की लपटें टायर तक पहुंचते ही तेजी से फैलने लगीं और देखते ही देखते आसपास की दुकानों तक पहुंच गईं। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद पाया काबू
आग लगते ही दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से उसे बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, आग तेजी से फैलने के कारण स्थिति नियंत्रित नहीं हो सकी। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने काफी देर तक पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया।
हालांकि, तब तक कई दुकानों में रखा सामान जल चुका था। आग की चपेट में बर्तन, अंडे समेत अन्य सामान की दुकानें आई हैं। अचानक हुई इस घटना से कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, करीब 10 से 15 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका है। घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों में मायूसी छाई हुई है।
Read also Jamshedpur News : दोगुनी हो गई दीपावली की खुशी, खोए मोबाइल वापस देकर पुलिस ने कर दिया कमाल

