Dhanbad : धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बांसजोड़ा में बुधवार को आजसू नेताओं की बैठक के दौरान अचानक हिंसक हमला और फायरिंग की घटना से इलाके में तनाव फैल गया। बैठक में मौजूद लोगों के बीच अचानक भगदड़ मच गई और माहौल अफरा-तफरी में बदल गया। हमले के दौरान एक युवक गोली लगने से घायल हो गया, जबकि कई कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की भी सूचना है।
जानकारी के अनुसार, हमले में आजसू छात्र नेता हीरालाल महतो समेत कई समर्थक घायल हुए हैं। हीरालाल महतो ने आरोप लगाया कि रजनी रवानी को कथित कोयला कारोबार से जुड़े कुछ लोगों की ओर से लगातार धमकियां मिल रही थीं। इन्हीं धमकियों को लेकर कार्यकर्ता बैठक में चर्चा करने के लिए जुटे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमले के दौरान फायरिंग भी हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। गोली लगने से घायल युवक की पहचान किशन रजवार के रूप में हुई है, जिसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
लोयाबाद थाना प्रभारी टीकू प्रसाद ने फायरिंग की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। ग्रामीण एसपी ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हमले में शामिल लोगों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।
स्थिति को देखते हुए एहतियातन इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल बांसजोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में तनाव बना हुआ है, जबकि पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

