गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले में शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े पांच बजे श्री बंशीधर नगर-विशुनपुरा मुख्य पथ पर कोईंदी गांव में जोरी महुआ के निकट खड़े ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपने आगोश में ले लिया और ट्रक धू-धू कर जलने लगा। ट्रक में भीषण आग लगने की सूचना फैलते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच आग बुझाने के प्रयास में लग गए, पर आग इतनी भीषण थी कि ट्रक के निकट कोई भी नहीं जा सका। तत्काल इसकी सूचना थाना और दमकल विभाग को दी गई।

सूचना मिलते ही अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंची और दमकल कर्मी आग बुझाने में लग गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। ट्रक पर ब्लीचिंग पाउडर लदा था। इस संबंध में ट्रक चालक कोईंदी गांव निवासी आलेमीन अंसारी ने बताया कि गत गुरुवार को सीमावर्ती सोनभद्र जिले के रेणुकूट से ट्रक पर ब्लीचिंग पाउडर लोड कर जालेश्वर (ओडिशा) जा रहा था। बकौल आलेमीन रास्ते में तबीयत खराब हो गई। इसकी सूचना ट्रक मालिक को दी।

ट्रक मालिक ने कहा कि ट्रक खड़ी कर दो, तबीयत ठीक होने पर लेकर आगे जाना, अन्यथा सुबह दूसरे चालक को भेज दिया जाएगा। मालिक के आदेश पर घर जाकर ट्रक सड़क किनारे खड़ा कर दिया। सुबह दूसरे चालक को चाबी भी हैंडओवर कर दिया था। पर जाने से पूर्व ही ट्रक में भीषण आग लग गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

