RANCHI: झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने राज्य के पुलिसकर्मियों और पदाधिकारियों के लंबित भत्तों में वृद्धि तथा प्रमोशन संबंधी विसंगतियों को दूर करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा है। वहीं गाने के माध्यम से अपना दर्द बयां किया है। अब ये गाना भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एसोसिएशन के प्रदेश संयुक्त सचिव राकेश कुमार पांडेय की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि झारखंड पुलिस बल कठिन, तनावपूर्ण और दुर्गम परिस्थितियों में चौबीसों घंटे अपनी सेवाएं देता है, लेकिन इसके बावजूद कई भत्ते बेहद कम दरों पर दिए जा रहे हैं। वहीं कई महत्वपूर्ण भत्ते अब तक लागू ही नहीं किए गए हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि बिहार सरकार ने पुलिसकर्मियों के मनोबल को बढ़ाने के लिए विभिन्न भत्तों में वृद्धि की है, जबकि झारखंड में लंबे समय से इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। एसोसिएशन ने वर्दी भत्ता बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिवर्ष करने की मांग की है। वर्तमान में आरक्षी और हवलदार को 4 हजार तथा अवर निरीक्षक से निरीक्षक स्तर तक 4500 रुपये दिए जाते हैं, जो पर्याप्त नहीं हैं।
दो बच्चों के लिए लागू हो शिक्षण भत्ता
इसके अलावा राशन भत्ता 2 हजार से बढ़ाकर 5 हजार रुपये प्रति माह, धुलाई भत्ता 100 से बढ़ाकर 1 हजार रुपये तथा विशेष कर्तव्य भत्ता सभी स्तर के पुलिसकर्मियों के लिए 1 हजार रुपये प्रति माह करने की मांग की गई है। तकनीकी भत्ता, आरमोरर भत्ता और प्रशिक्षण भत्ते में भी बढ़ोतरी की मांग उठाई गई है। एसोसिएशन ने मेडल प्राप्त पुलिसकर्मियों के लिए 3 हजार रुपये मासिक मेडल भत्ता और दो बच्चों के लिए शिक्षण भत्ता लागू करने की मांग भी रखी है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि आईआरबी बटालियन में कार्यरत कर्मियों की सेवा अवधि 20 वर्ष से बढ़ाकर 60 वर्ष की जाए। साथ ही विशेष शाखा में नियुक्त 18 बैच के पुलिस अवर निरीक्षकों की क्लोज कैडर समस्या का समाधान करने की भी मांग की गई है।
प्रमोशन में देरी पर नाराजगी
एसोसिएशन ने प्रमोशन प्रक्रिया में देरी पर भी नाराजगी जताई है। कहा गया है कि कई पुलिसकर्मी 20 से 25 वर्षों तक एक ही पद पर कार्यरत रहते हैं, लेकिन उन्हें समय पर पदोन्नति नहीं मिल पाती। ऐसे में जल्द रोस्टर प्रक्रिया पूरी कर सभी स्तर के पुलिसकर्मियों को प्रमोशन का लाभ देने की मांग की गई है।

