RANCHI: शनिवार को रिम्स की अधिग्रहित जमीन से जुड़े घोटाले के आरोपित प्रमोद कुमार महतो की अग्रिम जमानत याचिका पर एसीबी की स्पेशल कोर्ट में सुनवाई हुई। जिसमें एसीबी ने केस डायरी पेश की और जवाब भी दायर किया। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने एसीबी से केस डायरी और जवाब मांगा था। बता दें कि जमीन घोटाला मामले में सात अप्रैल को एसीबी ने चार आरोपित राजकिशोर बड़ाईक, कार्तिक बड़ाईक, राजेश झा और चेतन कुमार को अरेस्ट किया था।
आरोपितों ने मिलीभगत कर रिम्स की अधिग्रहित जमीन को प्राइवेट प्रापर्टी दिखाने के लिए फर्जी वंशावली तैयार की थी। झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद एसीबी ने इस फर्जीवाड़ा मामले में 5 जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज की थी। यह मामला 1964-65 में रिम्स की अधिग्रहित करीब 9.65 एकड़ जमीन से जुड़ा है। जिसपर अवैध कब्जा कर अपार्टमेंट, दुकान और मकान बना लिया गया था। बाद में हाईकोर्ट के आदेश के बाद इन अवैध कंस्ट्रक्शन को हटा दिया गया था।

