Home » Ramgarh News: ग्रामीण बेटियों को खेल में नई उड़ान; सात दिवसीय वॉलीबॉल कैंप का आगाज

Ramgarh News: ग्रामीण बेटियों को खेल में नई उड़ान; सात दिवसीय वॉलीबॉल कैंप का आगाज

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रामगढ़ : ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाने के लिए एक बेहतरीन पहल की गई है। सोमवार को बरकाकाना सरना पांड़ (पोचरा) में ‘केयर ग्रामीण विकास केंद्र’ के तत्वावधान में सात दिवसीय वॉलीबॉल समर कैंप का शानदार आगाज हुआ। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. सांत्वना शरण, रामगढ़ वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष गोपाल राम, केयर ग्रामीण के सचिव कुंदन गोप और प्रसिद्ध वॉलीबॉल कोच बसंत नायक द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस समर कैंप के पहले ही दिन क्षेत्र की 20 लड़कियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।

बेटियों को जिला और नेशनल स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ.सांत्वना शरण ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की लड़कियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए यह अच्छी पहल की गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन और मंच की जरूरत है। इस कैंप के आयोजन से गांव की जिन लड़कियों की वॉलीबॉल खेल में रुचि है, उन्हें अपनी प्रतिभा तराशने का मौका मिलेगा। यहां से सीखकर बेटियां आगे चलकर जिला, राज्य और नेशनल स्तर पर खेल सकेंगी। परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।

निशुल्क प्रशिक्षण और रजिस्ट्रेशन

कैंप के मुख्य प्रशिक्षक (कोच) बसंत नायक ने पहले ही दिन से खिलाड़ियों को वॉलीबॉल की बारीकियों और खेल के गुर सिखाने शुरू कर दिए हैं। वहीं, केयर ग्रामीण के सचिव कुंदन गोप ने बताया कि इस कैंप का मुख्य उद्देश्य हर जरूरतमंद उत्साही खिलाड़ी तक खेल की सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने घोषणा की कि इस समर कैंप में शामिल होने के लिए कोई भी शुल्क नहीं रखा गया है। लड़कियां बिल्कुल मुफ्त (फ्री) में रजिस्ट्रेशन कराकर इसका पूरा लाभ उठा सकती हैं।

आयोजन को सफल बनाने में अख्तर, सुदर्शन, आशीष जोन, संतोष, राजेंद्र नायक, विक्रम नायक और मनिंद्र करमाली ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कैंप में रिया कुमारी, नैना कुमारी, निशि कुमारी, अर्पिता कुमारी, सीमा कुमारी, भावना कुमारी, तनीषा कुमारी, रोशनी कुमारी, माही कुमारी, निधि कुमारी, पूर्वी कुमारी, स्नेहा कुमारी और चांदनी कुमारी सहित कुल 20 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रही हैं।

Read Also: RANCHI NEWS: झारखंड कैडर के IPS अधिकारी चंदन कुमार झा को केंद्र में मिला महत्वपूर्ण दायित्व

Related Articles

Leave a Comment