25

चक्रधरपुर : पूर्व मध्य रेलवे (ECR), हाजीपुर के महाप्रबंधक (जीएम) छत्रपाल सिंह बुधवार को अपने एक निजी दौरे पर चक्रधरपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गोइलकेरा स्थित सुप्रसिद्ध महादेवशाल धाम मंदिर जाकर बाबा भोलेनाथ के दरबार में मत्था टेका और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
गौरतलब है कि छत्रपाल सिंह अप्रैल 2016 से नवंबर 2019 तक चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक डीआरएम के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। ईस्ट सेंट्रल रेलवे के महाप्रबंधक का पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनका पहला चक्रधरपुर दौरा था। चक्रधरपुर पहुंचने के बाद वे विशेष सैलून रेलवे कोच से महादेवशाल धाम के लिए रवाना हुए।
भव्य स्वागत और विकास कार्यों का जायजा
महादेवशाल धाम पहुंचने पर महादेवशाल सेवा समिति के राजेश कुमार चौरसिया और रवि गुप्ता ने महाप्रबंधक की अगवानी की और उन्हें पूजा संपन्न कराई। पूजा-अर्चना के बाद जीएम छत्रपाल सिंह ने स्थानीय निवासियों से औपचारिक बातचीत की। उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का बारीकी से जायजा लिया और काम की गति पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने अपने पूर्व डीआरएम को दोबारा अपने बीच पाकर खुशी जाहिर की। महाप्रबंधक छत्रपाल सिंह ने कहा, महादेवशाल धाम न केवल इस क्षेत्र की अगाध आस्था का केंद्र है, बल्कि यहां की सांस्कृतिक पहचान भी है। उन्होंने मंदिर के विकास में समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
वरिष्ठ रेल अधिकारी रहे मौजूद
महाप्रबंधक के इस निजी दौरे के दौरान चक्रधरपुर रेल मंडल के कई आला अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से चक्रधरपुर एडीआरएम अधिक्षेत्र त्रिपाठी, सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी ,सीनियर डीओएम मनीष कुमार पाठक ,सीसीआई सौम्या माईती, रविशंकर मुख्य वाणिज्य अधिकारी अमित कुमार आदि शामिल थे।
रेलवे लगातार बढ़ा रहा यात्री सुविधाएं
महादेवशाल धाम की महत्ता को देखते हुए रेलवे द्वारा भी यहां लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। ज्ञात हो कि हर साल श्रावण मास (सावन) और महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर देश भर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की इसी भारी भीड़ और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए चक्रधरपुर रेल मंडल द्वारा स्टेशन और मंदिर के आसपास यात्री सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।

