
जमशेदपुर : झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (जेसीईसीईबी) की सुस्त कार्यप्रणाली एक बार फिर सुर्खियों में है। राज्य के सरकारी और गैर-सरकारी बीएड कॉलेजों में नामांकन के लिए आयोजित बीएड,एमएड व बीपीएड प्रवेश परीक्षा को संपन्न हुए एक महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन पर्षद अब तक इसका परीक्षा परिणाम जारी नहीं कर सका है। इस लेटलतीफी के कारण परीक्षा में शामिल हुए हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है और उनमें गहरा असंतोष है।
मालूम हो कि यह परीक्षा 31 मई को यह परीक्षा जमशेदपुर के 8 केंद्रों पर आयोजित हुई, इसमें कुल 3801 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 3032 उपस्थित हुए थे। वहीं पूरे राज्य में करीब 45 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। मालूम हो कि प्रवेश परीक्षा को लेकर जो नोटिफिकेशन जारी किया गया है उसके तहत एक जुलाई से बीएड की कक्षाएं शुरू हो जानी चाहिए थी। लेकिन अभी तक प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी नहीं होने से अब कक्षाएं अगस्त या उसके बाद ही शुरू हो सकेगी।
रिजल्ट न आने से सत्र पिछड़ने की आशंका
नियमों और तय कैलेंडर के अनुसार, प्रवेश परीक्षा के दो से तीन सप्ताह के भीतर परिणाम जारी कर काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू हो जानी चाहिए थी। मई महीने में ही परीक्षा संपन्न होने के बाद अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि जुलाई के पहले सप्ताह तक नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। परंतु, पर्षद द्वारा रिजल्ट जारी करने में हो रही देरी के कारण अब पूरा शैक्षणिक सत्र पिछड़ने की आशंका बढ़ गई है। समय पर नामांकन न होने से आगामी सेमेस्टर की पढ़ाई और परीक्षाओं पर भी इसका सीधा असर पड़ेगा।
अभ्यर्थियों में बढ़ रहा है आक्रोश
रिजल्ट में हो रहे विलंब को लेकर राज्यभर के छात्र-छात्राओं में भारी आक्रोश है। कई अभ्यर्थियों का कहना है कि वे हर दिन पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट चेक कर रहे हैं, लेकिन वहां केवल ‘जल्द जारी होगा’ का आश्वासन ही समझ में आता है। छात्रों का तर्क है कि ओएमआर शीट पर आधारित परीक्षा होने के बावजूद परिणाम तैयार करने में इतना लंबा समय लगना पर्षद की प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले छात्रों के लिए यह मानसिक तनाव का कारण बनता जा रहा है।
छात्रों की मांग
विभिन्न छात्र संगठनों और अभ्यर्थियों ने झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद से मांग की है कि बिना किसी अतिरिक्त देरी के परीक्षा परिणाम तुरंत घोषित किए जाएं। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले कुछ दिनों में रिजल्ट और काउंसिलिंग का शेड्यूल जारी नहीं किया गया, तो वे पर्षद मुख्यालय के समक्ष विरोध-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। वहीं पर्षद का कहना है कि रिजल्ट प्रकाशन अपने अंतिम चरण में है जल्द ही इसे जारी कर दिया जाएगा।
Read Also: Jamshedpur : आईपीएस एहतेशाम वकारिब जमशेदपुर SSP बने, मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला एसपी की कमान

