
Jamshedpur : जमशेदपुर के बर्मामाइंस क्षेत्र में पेयजल की खराब गुणवत्ता और अनियमित आपूर्ति को लेकर लोगों का आक्रोश मंगलवार को खुलकर सामने आया। ईस्ट प्लांट बस्ती, विनोबा आश्रम, धोबी घाट और चुनाभट्टा के बड़ी संख्या में निवासी टाटा स्टील के बर्मामाइंस स्थित वाटर प्लांट पहुंचे और अधिकारियों से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
बस्तीवासियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से सप्लाई का पानी गंदा और बदबूदार आ रहा है। इसके अलावा रोजाना पानी की आपूर्ति भी तीन से चार घंटे की देरी से हो रही है। इससे लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है। खासकर नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों ने अधिकारियों से मांग की कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा में हो रही लापरवाही को तत्काल दूर किया जाए और समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उनका कहना था कि स्वच्छ और समय पर पानी उपलब्ध कराना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।
शिकायत सुनने के बाद वाटर प्लांट के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि पानी की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
हालांकि, बस्तीवासियों ने साफ कर दिया कि यदि तय समय सीमा के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। उनका कहना है कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और इस मुद्दे पर किसी भी तरह की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
Read Also: Tata steel AGM 2026 : 2045 तक शुद्ध-शून्य कार्बन उत्सर्जन प्राप्त करने का लक्ष्य

