
Jamshedpur : जमशेदपुर के साकची टिनशेड मार्केट में गुंडागर्दी करने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मानगो क्षेत्र के मोहम्मद फहीम के रूप में हुई है। इसके बाद शनिवार की रात फहीम की कमर में रस्सी बांध कर उसे बाजार में घुमाया गया और पीड़ित व अन्य दुकानदारों से माफी मंगवाई गई। पुलिस ने इस मारपीट के मामले में सही कार्रवाई की है। इससे अपराधियों को सबक मिलेगा। वरना, पहले पुलिस काउंटर केस का नाम लेकर पीड़ित को भी धमकाती रही है। इसी वजह से शहर में क्राइम का ग्राफ बढ़ता गया। पीड़ित शिकायत लेकर या तो थानों पर नहीं जाते। जो जाते भी हैं उनके खिलाफ काउंटर केस हो जाता है और मारपीट करने वालों के साथ ही पीड़ित पक्ष भी कार्रवाई के दायरे में आ जाते हैं।
पुलिस की साकची बाजार में होने वाली कार्रवाई का वीडियो भी चर्चा का विषय बना हुई है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले साकची टिनशेड मार्केट में मानगो शंकोसाई निवासी राकेश केशरी और उनके स्टाफ के साथ मारपीट एवं हमला किया गया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फहीम को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे कमर में रस्सी बांधकर साकची बाजार लाया गया, जहां उसी स्थान पर ले जाकर पीड़ित राकेश केशरी से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई। पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाने से बाजार में कानून व्यवस्था मजबूत होगी और असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बनेगा। घटना के बाद साकची बाजार में स्थिति सामान्य है और पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है। दूसरी तरफ, आरोपी की पत्नी शनिवार को एसएसपी ऑफिस पहुंची और मामले में एसएसपी से शिकायत की है। उसका कहना है कि फहीम 60 हजार रुपये लेकर साकची बाजार गया था। वहां उसके मारपीट की गई और उसका 60 हजार रुपया छीन लिया गया।

