
रांची : झारखंड सचिवालय सेवा संघ ने दिशोम गुरु एवं झारखंड राज्य के जनक स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर 4 अगस्त को नेपाल हाउस और प्रोजेक्ट भवन परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने की घोषणा की है। इसी दिन संघ अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की भी शुरुआत करेगा।
संघ के अनुसार, शिबू सोरेन के सामाजिक न्याय, समानता और जनसेवा के आदर्शों को समाजोपयोगी कार्यों के माध्यम से सच्ची श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से सचिवालय सेवा के पदाधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में रक्तदान करेंगे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धांजलि एवं संकल्प सभा भी आयोजित होगी।
संघ का आरोप है कि कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा सचिवालय सेवा से जुड़े कुछ निर्णय और प्रस्ताव सेवा हितों के प्रतिकूल हैं। इन मुद्दों पर कई बार ज्ञापन और वार्ता के माध्यम से समाधान का प्रयास किया गया, लेकिन सकारात्मक पहल नहीं होने के कारण शांतिपूर्ण और संवैधानिक आंदोलन का निर्णय लिया गया है।
आंदोलन के तहत 5 अगस्त को नेपाल हाउस और प्रोजेक्ट भवन परिसर में मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। वहीं 6 से 12 अगस्त तक “काला बैज सप्ताह” मनाया जाएगा। इस दौरान कर्मचारी नियमित कार्यालयीन कार्य करते हुए काला बैज धारण करेंगे और अपनी मांगों के समर्थन में जनजागरूकता अभियान चलाएंगे। संघ ने सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से रक्तदान शिविर में भाग लेने तथा आंदोलन को नैतिक समर्थन देने की अपील की है।

