Home » East Singhbhum Crime: बोड़ाम में एक ही रात दो दुकानों में चोरी, थाना से 500 मीटर दूर गहने की शॉप से लाखों के जेवर और नकदी उड़ाई

East Singhbhum Crime: बोड़ाम में एक ही रात दो दुकानों में चोरी, थाना से 500 मीटर दूर गहने की शॉप से लाखों के जेवर और नकदी उड़ाई

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक ही रात दो दुकानों में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित बोड़ाम बाजार की एक गहने की दुकान और बारियादा गांव की एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाकर चोर लाखों रुपये के सामान और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत है, जबकि स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

गौरतलब है कि बोड़ाम निवासी गहना व्यवसायी दीपक स्वर्णकार उर्फ डब्लू मंगलवार सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और जांच करने पर करीब डेढ़ किलो चांदी के आभूषण, 15 ग्राम सोने के जेवर तथा 25 हजार रुपये नकद गायब मिले। उन्होंने तत्काल बोड़ाम थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद सुबह करीब नौ बजे पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि चोर दुकान की टीन और एस्बेस्टस की छत काटकर अंदर घुसे थे। चोरी के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

इसी रात बोड़ाम थाना क्षेत्र के बारियादा गांव स्थित एक मोबाइल दुकान में भी चोरों ने टीन की छत तोड़कर प्रवेश किया। वहां से 31 हजार रुपये नकद और कई मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए। दोनों दुकानदारों ने बोड़ाम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:30 बजे तक इलाके में नियमित गश्त की गई थी। वहीं आसपास की चाय दुकानें रात करीब 2:30 बजे खुल गई थीं। ऐसे में पुलिस का अनुमान है कि दोनों चोरी की घटनाएं रात 11:30 बजे से 2:30 बजे के बीच हुई होंगी।

कई महीनों बाद बोड़ाम क्षेत्र में एक ही रात दो अलग-अलग दुकानों में चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर थाना से बेहद कम दूरी पर स्थित जूलरी दुकान में लाखों रुपये की चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

Read also – Jamshedpur News : अब दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नाम से जाना जाएगा जुबिली पार्क गोलचक्कर, झामुमो नेताओं ने कर दिया नामकरण

Related Articles